Koderma: कोडरमा थाना क्षेत्र के वृंदा गांव निवासी गुरु प्रसाद साव के घर 8 जुलाई 2026 को हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो शातिर अपराधियों तौफिक अंसारी और मो. आतिफ मंसूरी को गिरफ्तार किया है। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, 2 मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किया गया औजार बरामद किया हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (JH12G 5323) को भी जब्त कर लिया गया है।
एसपी बोले- अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी। थाना प्रभारी अरविंद कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक धनेश्वर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित कर दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक ने सफलता हासिल करने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।