Giridih News: गिरिडीह जिलें में एक और चोरी की घटना ने व्यापारियों को चिंतित कर दिया है. कालीबाड़ी मंदिर के पास स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर लैपटॉप और कई महंगे मोबाइल चोरी कर लिए. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.
रात में बंद थी दुकान, सुबह टूटा मिला ताला
सोमवार रात दुकान बंद होने के बाद मंगलवार सुबह जब दुकान मालिक सूरज दास दुकान पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है. दुकान के अंदर जाकर देखा तो एक लैपटॉप और आठ मोबाइल फोन गायब थे जो मरम्मत के लिए ग्राहकों द्वारा दिए गए थे. यह घटना सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.
करीब 1.50 लाख रूपए के सामान की चोरी
दुकानदार के अनुसार, चोरी हुए सामान की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये है. यह दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है, और चोरी से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और चोरी हुए सामान को बरामद करने की मांग की है.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है. वे उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं.
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. लोगों ने रात में पुलिस गश्त तेज करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी या पुलिस की ओर से कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है.