Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के श्रीनाथ ग्लोबल विलेज निवासी युवक के साथ एटीएम फ्रॉड का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने युवक का एटीएम कार्ड निकालकर उसके खाते से हजारों रुपये की निकासी कर ली और कार्ड से खरीदारी भी की। मामले को लेकर पीड़ित राजश्री चक्रवर्ती ने आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
ATM में कार्ड फंसने के बाद हुई ठगी
पुलिस को दिए आवेदन में राजश्री चक्रवर्ती ने बताया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 9:15 बजे वह आदित्यपुर शेरे पंजाब चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे। उन्होंने अपने खाते से एटीएम के माध्यम से 500 रुपये निकाले। इसके बाद एटीएम स्क्रीन चालू रहने के कारण उन्होंने दोबारा कार्ड मशीन में लगाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कार्ड लॉक होकर मशीन में फंस गया।
हेल्पलाइन के नाम पर बढ़ी परेशानी
पीड़ित ने बताया कि एटीएम के बाहर लगे हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया गया, जहां से उन्हें बैंक शाखा जाने की सलाह दी गई। इसके बाद वह एटीएम से बाहर निकल गए। कुछ देर बाद जब उन्हें संदेह हुआ तो वे वापस मशीन के पास पहुंचे, लेकिन उनका एटीएम कार्ड वहां नहीं मिला।
खाते से निकाले गए 49 हजार रुपये से ज्यादा
राजश्री चक्रवर्ती के अनुसार, एटीएम में मौजूद एक व्यक्ति ने उनका कार्ड निकाल लिया था। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। इसमें 20 हजार रुपये, 20 हजार रुपये और 9500 रुपये की निकासी की गई। इसके अलावा 1568.25 रुपये की खरीदारी विशाल मेगा मार्ट में कार्ड के जरिए की गई। इस तरह उनके खाते से कुल 51 हजार रुपये से अधिक की राशि का नुकसान हुआ।