Chaibasa News: चाईबासा में एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जिले के सदर अस्पताल में इलाज कराने आए एक व्यक्ति को ब्लड दिलाने का झांसा देकर 4,700 रुपये ठग लिए गए. इस मामले में सदर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
यह घटना तब हुई जब सोनुवा थाना क्षेत्र के देवाबीर गांव निवासी बुधराम गोप अपनी पत्नी के इलाज के लिए सदर अस्पताल आए थे. जब उन्हें रक्त की जरूरत पड़ी और ब्लड तत्काल उपलब्ध नहीं हुआ, तो अस्पताल परिसर के बाहर मौजूद एक युवक ने ब्लड की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया. लेकिन उसने पैसे लेने के दौरान बुधराम गोप से 4,700 रुपये लेकर मौके से फरार हो गया.
अगले दिन जब पीड़ित फिर अस्पताल पहुंचा, तो उसने उसी युवक को देख लिया और तुरंत उसे पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसकी पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गुडासाई निवासी 27 वर्षीय संजय सोलंकी के रूप में हुई.
इस मामले में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अस्पताल परिसर में किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं. रक्त की आवश्यकता होने पर केवल अधिकृत ब्लड बैंक या अस्पताल की आधिकारिक व्यवस्था के माध्यम से ही संपर्क करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके.