Jamshedpur News: सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से ओम कांवरिया सेवा संघ 29 जुलाई से देवघर कांवरिया पथ के सुइयां पहाड़ स्थित घुटिया में एक माह का सेवा शिविर लगाएगा। यह शिविर 27 अगस्त तक संचालित होगा। सोमवार को 32 स्वयंसेवकों की टीम शिविर स्थल के लिए रवाना हुई, जबकि विभिन्न शहरों से भी स्वयंसेवक इसमें शामिल होंगे। शिविर का उद्घाटन 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया जाएगा।
16वें वर्ष भी कांवरियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं रहेंगी
बिरसानगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संस्था के प्रमुख पप्पू सिंह ने बताया कि संगठन पिछले 16 वर्षों से लगातार कांवरियों की सेवा कर रहा है। इस वर्ष भी शिविर में श्रद्धालुओं के लिए स्नान, भोजन, नाश्ता, शौचालय, मोबाइल चार्जिंग और रात्रि विश्राम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा सुबह-शाम पूजा एवं आरती का आयोजन भी होगा।
मसाज, गर्म पानी और भोजन की रहेगी विशेष व्यवस्था
उन्होंने बताया कि शिवभक्तों की थकान दूर करने के लिए मशीनों से फुट, हेड और बॉडी मसाज की सुविधा के साथ गर्म पानी की भी व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी, हलवा, फल, साबूदाना और खीर सहित विभिन्न प्रकार का भोजन एवं प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, सतेन्द्र सिंह और एमवी राव भी मौजूद रहे।