Jharkhand High Court : बोकारो जिले से वर्ष 2020 में लापता हुई 14 वर्षीय बच्ची के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने सीबीआई के एसपी रैंक के अधिकारी को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई मंगलवार को होगी।
सोशल मीडिया से मिले अहम सुराग
सुनवाई के दौरान सीआईडी की ओर से अदालत को बताया गया कि बच्ची के सोशल मीडिया अकाउंट से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इन सुरागों का गहन अध्ययन और विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह मामला 16 अक्टूबर 2020 का है, जब बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय बच्ची अचानक लापता हो गई थी। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस की सुपरविजन रिपोर्ट में इसे अपहरण का मामला माना गया था।
घटनास्थल से मिली थीं साइकिल, चप्पल और किताबें
जांच के दौरान घटनास्थल के पास से बच्ची की साइकिल, चप्पल और किताबें बरामद हुई थीं, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। फिलहाल इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विसेंट रोहित मार्की और अधिवक्ता ऋतुल नंदा ने अदालत में अपना पक्ष रखा। हाईकोर्ट की अगली सुनवाई में मामले की जांच की प्रगति पर विस्तृत जानकारी पेश किए जाने की संभावना है।