Shravani Mela 2026: झारखंड सरकार ने श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 4 करोड़ रूपए जारी किए हैं.
जारी राशि में सबसे बड़ा हिस्सा देवघर नगर निगम को मिला है. नगर निगम को 3 करोड़ रूपए दिए गए हैं, जबकि बासुकीनाथ नगर पंचायत को 1 करोड़ रूपए आवंटित किए गए हैं. इस बजट का उपयोग मेले के दौरान पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा.
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन आवंटन प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर राशि की निकासी सुनिश्चित करें. साथ ही इसकी सूचना विभाग को भी उपलब्ध कराई जाए.
सरकार ने साफ किया है कि आवंटित राशि का उपयोग केवल निर्धारित मदों में और तय वित्तीय नियमों के तहत ही किया जाएगा. किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने के लिए खर्च की पूरी प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पूरी करनी होगी.
निर्देश में यह भी कहा गया है कि राशि खर्च होने के बाद उपयोगिता प्रमाण-पत्र महालेखाकार, झारखंड को भेजना अनिवार्य होगा. इसकी एक प्रति नगर विकास एवं आवास विभाग को भी उपलब्ध करानी होगी.
विभाग ने सभी अधिकारियों को झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और अन्य लागू वित्तीय नियमों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है.