Pakistan Checkpost Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले में स्थित एक संयुक्त पुलिस चेकपोस्ट पर आतंकवादियों ने देर रात बड़ा हमला कर दिया। सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश के दौरान सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभाला और मुठभेड़ में 12 आतंकवादियों को मार गिराया। हालांकि हमले में कुल 15 लोगों की जान चली गई, जिनमें 14 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
विस्फोटकों से भरे वाहन के धमाके में 15 लोगों की मौत
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर के अनुसार, शुरुआती हमला नाकाम होने के बाद आतंकवादियों ने विस्फोटकों से भरे वाहन को चेकपोस्ट की बाहरी दीवार से टकरा दिया। भीषण धमाके से चेकपोस्ट को भारी नुकसान पहुंचा और मौके पर कई सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई। मृतकों में 12 सैनिक, दो पुलिसकर्मी और वन विभाग के एक पूर्व अधिकारी शामिल हैं।
हमले के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
घटना के बाद पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां फरार आतंकवादियों की तलाश में सैनिटाइजेशन ऑपरेशन चला रही हैं। सेना ने स्पष्ट किया है कि देश में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ अभियान पूरी मजबूती से जारी रहेगा और किसी भी खतरे का सख्ती से सामना किया जाएगा।
हमले के बाद राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सफल जवाबी कार्रवाई के लिए सुरक्षा बलों की सराहना भी की। गौरतलब है कि वर्ष 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता वापसी के बाद खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे क्षेत्रों में आतंकी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है।