Maharashtra TET Paper:nमहाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET पेपर लीक मामले में जांच कर रही भिवंडी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ के बाद पूरे पेपर लीक नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
बिहार से गिरफ्तारी, पूछताछ के लिए भिवंडी लाया गया
पुलिस के मुताबिक,तकनीकी निगरानी और लगातार की गई तलाश के बाद वीरेंद्र कुमार गुप्ता को बिहार से पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद उसे हवाई मार्ग से पुणे लाया गया. जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच भिवंडी ले जाया गया. अब पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी. ताकि मामले की विस्तार से जांच की जा सके.
पेपर लीक नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की होगी पड़ताल
जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी रहा है. अधिकारियों के अनुसार. पूछताछ में यह जानकारी मिल सकती है कि प्रश्नपत्र लीक करने की कथित साजिश कैसे रची गई. इसमें किन लोगों की भूमिका रही और अभ्यर्थियों तक पेपर किस माध्यम से पहुंचाया गया. साथ ही कथित आर्थिक लेन-देन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी.
कई और गिरफ्तारियों की उम्मीद, जांच में आएगी तेजी
जांच के दौरान पहले भी संदिग्ध बैंक खातों और करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन के संकेत मिले थे. आरोप है कि इसके लिए फर्जी नामों से बैंक खाते इस्तेमाल किए गए. पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज होगी तथा पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है. समाचार लिखे जाने तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.