Adityapur: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर-9 में शुक्रवार देर रात मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। उधार में सिगरेट और शराब पीने के लिए 200 रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना में एक दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दोनों पक्षों के कई लोगों को भी चोटें आई हैं।
सिगरेट और रुपये नहीं देने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, जिस भवन में दुकान संचालित होती है, उसी मकान में रहने वाला एक किरायेदार दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि उसने पहले उधार में सिगरेट मांगी और फिर शराब पीने के लिए 200 रुपये की मांग की। दुकानदार ने पैसे नहीं होने की बात कहते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।
दोनों पक्षों के बीच मारपीट, दुकानदार पर चाकू से वार
शोर-शराबा सुनकर दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट, धक्का-मुक्की और पत्थरबाजी हुई। इसी दौरान दुकानदार के सिर पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपी पक्ष की दो महिलाएं भी घायल
घटना में जिस व्यक्ति पर चाकू चलाने का आरोप लगाया जा रहा है, उसकी मां और पत्नी भी घायल हुई हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के सिर में चोट आई है और उनका भी अस्पताल में उपचार कराया गया।
पुलिस जांच में जुटी, दोनों पक्षों के बयान दर्ज
सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिया हैं। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि चाकू से हमला किसने किया और पूरे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।