Giridih News : गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांडेय थाना क्षेत्र से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड, एक आईपैड और दो बाइक बरामद की गई हैं। इसकी जानकारी प्रभारी साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में दी।
एसपी डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के पुनईडीह गांव के पास स्थित क्षतिग्रस्त नर्सरी भवन में कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
फर्जी सिम से लोगों को बनाते थे निशाना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. कैफ अंसारी और मो. इरशाद अंसारी के रूप में हुई है। दोनों गांडेय थाना क्षेत्र के बक्सीगरजा गांव के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को आरटीओ अधिकारी और डॉक्टर बताकर लोगों को फोन करते थे।
वे चालान भरने और डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल, सिम कार्ड, आईपैड और दो बाइक जब्त कर ली हैं।
पूछताछ के बाद भेजे जाएंगे जेल
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। कागजी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।