Hazaribag News: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित ओरपरता गांव में हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय बैद्यनाथ यादव के रूप में हुई है। वह गुरुवार को बकरी चराने घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उनकी तलाश की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका।
पहाड़ की तलहटी में मिला शव
शुक्रवार सुबह दोबारा खोजबीन शुरू की गई तो बुखरिया माय पहाड़ की तलहटी में बैद्यनाथ यादव का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में घूम रहे जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और वन विभाग जांच में जुटे
घटना की जानकारी मिलते ही बरही थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वन विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं तथा परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा भी वही थे।
आसपास के गांवों में हाथियों का आतंक
हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में भी डर का माहौल है। गुरुवार रात दुलमाहा गांव के औरया टोला में दो हाथियों ने एक घर को नुकसान पहुंचाया और बाहर रखा अनाज खा लिया। वन विभाग की टीम हाथियों को जंगल की ओर लौटाने का प्रयास कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि रात में अकेले बाहर न निकलें और हाथियों की गतिविधि दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।