Integrated Agriculture Model: रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने गोला प्रखंड के सरला कला और औराडीह गांव का दौरा कर एकीकृत कृषि मॉडल का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने खेतों में चल रही विभिन्न कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद कर आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि बदलते जलवायु परिदृश्य में नई तकनीकों को अपनाकर ही खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है.
आधुनिक कृषि तकनीकों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, मल्टी-लेयर फार्मिंग, प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन, ग्राफ्टेड टमाटर की खेती और सोलर इरिगेशन लिफ्ट परियोजना का अवलोकन किया. उन्होंने इन तकनीकों के जरिए कम पानी में बेहतर उत्पादन की संभावनाओं पर भी जानकारी प्राप्त की.
अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई और अन्य उन्नत कृषि तकनीकों के विस्तार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से किसानों की आय बढ़ाने, जल संरक्षण को मजबूत करने और जिले में टिकाऊ कृषि व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी.
किसानों से किया संवाद
दौरे के दौरान उपायुक्त ने किसानों से खेती से जुड़ी चुनौतियों और अनुभवों पर चर्चा की. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, बीडीओ सुधा वर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.