Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए कुख्यात तड़ीपार अपराधी और ड्रग्स तस्कर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया है. पुलिस का दावा है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी वारदात टाल दी गई.
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 21 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मो. खुर्शीद अपने साथियों के साथ कुख्यात अपराधी मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा है. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई.
रेलवे पुल के नीचे से पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसील शेख उर्फ अस्तर और मो. रिजवान उर्फ कैफ को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान मो. शहजादा के पास से एक देशी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
निशानदेही पर पांच और आरोपी दबोचे गए
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ईदगाह मैदान के पास छापेमारी कर मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिड्डुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे और एक नाबालिग को हिरासत में लिया. इसके बाद शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
पुलिस ने पटनहिया मोहल्ला मैदान के पास से एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा भी बरामद किया. जांच में सामने आया कि इसी स्थान पर 19 जुलाई को जानलेवा फायरिंग की गई थी.
ड्रग्स कारोबार और निजी रंजिश बनी हत्या की वजह
पूछताछ में मो. खुर्शीद ने पुलिस को बताया कि वह ड्रग्स तस्करी से जुड़ा रहा है और पहले मो. निजाम का साथी था. पुलिस के अनुसार ब्राउन शुगर के कारोबार में करीब 15 से 16 लाख रुपये के लेन-देन और निजी विवाद के चलते दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी.
जांच में यह भी सामने आया कि खुर्शीद की गैरमौजूदगी में उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने मो. निजाम से शादी कर ली थी, जिससे विवाद और गहरा गया. वहीं मो. शहजादा ने भी निजी रंजिश के चलते गिरोह का साथ देने और हथियार खरीदने में सहयोग करने की बात स्वीकार की.
BNS, आर्म्स एक्ट और JCCA के तहत केस दर्ज
इस मामले में जुगसलाई थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं जिला बदर रहने के बावजूद जिले में प्रवेश कर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत अलग मामला भी दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, मो. खुर्शीद के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी समेत कई संगीन मामलों में पहले से कई आपराधिक केस दर्ज हैं. फिलहाल पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.