Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र समेत जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या-345, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ और बीएलए-2 से प्राप्त गणना प्रपत्रों की स्थिति की जानकारी ली।
डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश
उपायुक्त ने मतदाता गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रगति और लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष बचे सभी प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता विवरण की सावधानीपूर्वक जांच की जाए, ताकि किसी भी तरह की त्रुटि की संभावना न रहे और पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हो सके।
पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाई जाए। उन्होंने कहा कि SIR-2026 प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है, ताकि मतदाता सूची सही और अद्यतन तैयार हो सके।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, AERO अमित श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।