Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-22

Seraikela News: पर्यटन स्थलों के विकास और खेल सुविधाओं को लेकर DC ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में पर्यटन और खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने और खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

पर्यटन स्थलों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
बैठक के दौरान जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, डोबो, राजनगर स्थित श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर, भीमखांदा और सरायकेला के श्मशान काली मंदिर सहित अन्य स्थानों के विकास प्रस्तावों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों पर जरूरी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। इनमें बोटिंग सुविधा, एप्रोच रोड, घाट और सीढ़ी निर्माण, रेलिंग, वॉल पेंटिंग, साइनेज, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग सुविधा जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।



पर्यटन महोत्सव और सांस्कृतिक आयोजनों पर चर्चा
बैठक में पर्यटन विभाग की श्रेणी-बी के तहत आयोजित होने वाले सांस्कृतिक मेला और पर्यटन महोत्सव के चयन को लेकर भी चर्चा हुई। जिला समिति द्वारा खरसावां छऊ महोत्सव और जायदा पर्यटन मेला का स्थल निरीक्षण कर निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन करने और रिपोर्ट सौंपने का निर्णय लिया गया। बैठक में आकर्षणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विद्युत व्यवस्था के लिए मिली प्रशासनिक स्वीकृति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य नियमों के अनुसार और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।

चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्रों का प्रस्ताव
जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में तैयार किए गए टेनिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के बेहतर संचालन पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि स्कूलों के इच्छुक छात्रों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना का प्रस्ताव विभाग को भेजा जा चुका है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग से दोबारा पत्राचार कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !