Chaibasa News: कोल्हान क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात चाईबासा के जगन्नाथपुर प्रखंड में एक दंतैल हाथी ने उत्पात मचाते हुए 35 वर्षीय चंद्रमोहन सिंकू की जान ले ली। वहीं, तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, घरों में रखा अनाज खा गया और खेतों को भी रौंद डाला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
हाथी को भगाने के दौरान हुई दर्दनाक मौत
जानकारी के अनुसार, बुढ़ाकमान गांव में घुसे दंतैल हाथी को भगाने के लिए चंद्रमोहन सिंकू समेत कई ग्रामीण जुटे थे। इसी दौरान हाथी ने चंद्रमोहन को सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटका और फिर पैर से कुचल दिया। गंभीर हालत में उन्हें जगन्नाथपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वन विभाग ने मुआवजे का दिया आश्वासन
घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। हाथी के हमले में बुढ़ाकमान, मुगादिघिया, तेंतोड़ीपोसी और लुतुसाई गांवों में भी भारी नुकसान हुआ, जहां तीन घर ध्वस्त हो गए और फसलों को भी नुकसान पहुंचा।
ग्रामीणों का आरोप, सूचना के बाद भी नहीं पहुंची टीम
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में कई दिनों से एक दंतैल हाथी घूम रहा है और इसकी सूचना वन विभाग को लगातार दी जा रही थी। इसके बावजूद हाथी भगाने वाली टीम समय पर गांव नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने किसी तरह हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा, लेकिन विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।