GST Scam Jharkhand: झारखंड हाईकोर्ट में 730 करोड़ रुपये के चर्चित GST घोटाला मामले में गिरफ्तार जमशेदपुर के कारोबारी विक्की भालोटिया उर्फ अमित अग्रवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है. अब कारोबारी की जमानत पर फैसला बाद में सुनाया जाएगा.
विशेष अदालत से खारिज हो चुकी है जमानत याचिका
इससे पहले पीएमएलए की विशेष अदालत ने विक्की भालोटिया की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी. निचली अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां मामले पर विस्तृत सुनवाई हुई.
शेल कंपनियों के जरिए करोड़ों का GST फर्जीवाड़ा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के मुताबिक, यह मामला शेल कंपनियों के जरिए 730 करोड़ रुपये से अधिक के कथित GST घोटाले से जुड़ा है. इसी मामले में ईडी ने ECIR दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार आरोपियों में विक्की भालोटिया, शिव कुमार देवड़ा, मोहित देवड़ा और कोलकाता के कारोबारी अमित गुप्ता के नाम भी शामिल हैं.
14,325 करोड़ के फर्जी बिल बनाने का आरोप
जांच एजेंसियों का दावा है कि 90 से अधिक शेल कंपनियों के माध्यम से करीब 14,325 करोड़ रुपये के फर्जी बिल तैयार किए गए. इन दस्तावेजों के आधार पर 730 करोड़ रुपये से अधिक का कथित फर्जी GST लाभ लिया गया, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.