Jamshedpur News: 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से जुबिली पार्क गोलचक्कर तक मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
नीतीश कुशवाहा और दिनेश कुमार के नेतृत्व में निकला आक्रोश मार्च
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा और भाजपा महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मशालें और तख्तियां थीं, जिन पर 14वीं जेपीएससी परीक्षा की पारदर्शी जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग लिखी गई थी|
नहीं चेती सरकार तो राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता लगातार सवालों के घेरे में है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर हुआ है। उनका कहना था कि युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर नौकरी हासिल करना चाहते हैं, लेकिन यदि भर्ती प्रक्रिया ही विवादों में घिर जाए तो उनके भविष्य पर गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि युवाओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाती है, तो भाजपा और भाजयुमो राज्यभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करेंगे।