Khunti News: खूंटी जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है. स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए खूंटी में जल्द ही 114 रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसके तहत स्वास्थ्य विभाग में 80 नर्सों और 34 चौकीदारों की भर्ती की जाएगी.
लंबे समय से खाली थे पद
जिले में ये पद लंबे समय से रिक्त पड़े थे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और स्थानीय स्तर पर कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे थे. अब जिला प्रशासन ने इन पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है. उम्मीद है कि भर्ती पूरी होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे.
विधायक ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा
भर्ती प्रक्रिया को लेकर खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नियुक्तियों के लिए जल्द ही आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार तथा पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी.
जल्द जारी होगा भर्ती का विज्ञापन
बैठक में विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो और सभी रिक्त पदों पर समयबद्ध तरीके से नियुक्ति सुनिश्चित की जाए. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.