Jamtara News : जामताड़ा में झारखंड आंदोलनकारियों की प्रमंडलीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें दुमका प्रमंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे आंदोलनकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सरकार से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई गई।
समान पेंशन और 20% क्षैतिज आरक्षण की मांग
बैठक के दौरान आंदोलनकारियों ने राज्य के सभी झारखंड आंदोलनकारियों को समान पेंशन देने और 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे आंदोलनकारियों को वास्तविक न्याय और सम्मान मिलेगा।
आंदोलनकारी नेता रॉबिन मिर्धा ने कहा कि दुमका प्रमंडल के सभी जिलों से आए प्रतिनिधियों के साथ आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब राज्य सरकार विभिन्न वर्गों के लिए नई-नई योजनाएं चला रही है, तो आंदोलनकारियों के साथ सौतेला व्यवहार नहीं होना चाहिए।
आंदोलनकारियों की पहचान प्रक्रिया तेज करने की मांग
बैठक में आंदोलनकारी मनोरथ मरांडी ने कहा कि सरकार द्वारा गठित आंदोलनकारी पहचान आयोग को निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से काम करना चाहिए, ताकि सभी वास्तविक आंदोलनकारियों की पहचान हो सके और उन्हें समान रूप से पेंशन का लाभ मिले।
उन्होंने मांग की कि 15 अगस्त से पहले सभी पात्र झारखंड आंदोलनकारियों को हर हाल में पेंशन उपलब्ध कराई जाए। बैठक में आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आगे भी एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।