Jamshedpur News: जमशेदपुर के छोटे और मध्यम श्रेणी के बिल्डर संस्थानों के प्रतिनिधिमंडल ने झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में रांची में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार से मुलाकात की. बैठक में ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट जारी करने में हो रही दिक्कतों, निर्माण परियोजनाओं में बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं की उपलब्धता समेत कई अहम मुद्दे उठाए गए. मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामलों के जल्द निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए.
ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट समेत कई मुद्दे उठाए
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट जारी होने में आ रही देरी से छोटे और मध्यम बिल्डर कई तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं. इसके अलावा निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं में बिजली, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. बिल्डर संस्थानों से संबंधित अन्य समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया गया.
मंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना. इसके बाद उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं के शीघ्र समाधान की दिशा में कदम उठाने का निर्देश दिया.
समाधान की उम्मीद, निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के सकारात्मक रुख पर संतोष जताया. प्रतिनिधियों ने उम्मीद व्यक्त की कि समस्याओं के समाधान से छोटे और मध्यम बिल्डर संस्थानों को राहत मिलेगी और राज्य में निर्माण गतिविधियों के साथ शहरी विकास परियोजनाओं को भी गति मिलेगी.