Durand Cup 2026: एशिया के सबसे पुराने और दुनिया के तीसरे सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियन ऑयल डूरंड कप-2026 के 135वें संस्करण की मेजबानी के लिए रांची पूरी तरह तैयार है. प्रतियोगिता के मुकाबले 26 जुलाई से बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में शुरू होंगे. आयोजन समिति ने 22 जुलाई से दर्शकों के लिए मुफ्त टिकट वितरण की भी घोषणा की है.
22 जुलाई से शुरू होगा मुफ्त टिकट वितरण
आयोजकों के मुताबिक 22 जुलाई से 16 अगस्त तक रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मुफ्त टिकट दिए जाएंगे. गेट नंबर 11 और 13 के बीच 10 टिकट काउंटर तथा गेट नंबर 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं. एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट मिल सकेंगे.
स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले शुरू कर दिया जाएगा. करीब 28 हजार क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 हजार से अधिक दर्शकों के लिए मुफ्त टिकट उपलब्ध रहेंगे. वहीं वीआईपी, वीवीआईपी और मीडिया के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की गई है. स्टेडियम के बाहर पार्किंग भी निशुल्क रहेगी.
26 जुलाई से मुकाबले, उद्घाटन समारोह में दिखेगी झारखंड की संस्कृति
रांची को ग्रुप-सी के छह लीग मुकाबलों और 16 अगस्त को होने वाले एक क्वार्टर फाइनल की मेजबानी मिली है. उद्घाटन मुकाबला 26 जुलाई को शाम 5 बजे जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका सेना की डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा. इस ग्रुप में एससी दिल्ली और इंडियन एयर फोर्स एफटी भी शामिल हैं.
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. कार्यक्रम में झारखंड की पारंपरिक कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, जबकि भारतीय सेना का बैंड भी विशेष प्रस्तुति देगा. इसकी जानकारी खेल निदेशक छबि रंजन और ब्रिगेडियर मनोज झा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
सुरक्षा के लिए कई वस्तुओं पर रोक, टीवी और ऑनलाइन भी देख सकेंगे मैच
आयोजन समिति ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पावर बैंक, कैमरा, बड़े बैग, बाहरी भोजन, पानी की बोतल, हेलमेट, सेल्फी स्टिक, हथियार, शराब, तंबाकू उत्पाद, पटाखे, लेजर पॉइंटर, बैनर, झंडे और पालतू जानवर स्टेडियम के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है. दर्शकों को सुरक्षा जांच के लिए कम से कम एक घंटा पहले स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है.
डूरंड कप-2026 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा. वहीं मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी. आयोजन समिति ने फुटबॉल प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है.