Jamshedpur News : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की सिंहभूम जिला इकाई ने सोमवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नीट परीक्षा लीक, शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी के जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है और शिक्षा व्यवस्था लगातार संकट में है।
अंबुज ठाकुर ने कहा कि शिक्षा सुधार और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले करीब 20 दिनों से जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें जबरन हटाकर छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, बेरोजगारी-महंगाई पर भी उठाए सवाल
भाकपा जिला सचिव ने कहा कि नीट परीक्षा लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब तक इस्तीफा नहीं दिया जाना यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य मुद्दों में उलझी हुई है। भाकपा का आरोप है कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
अंबुज ठाकुर ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शिक्षा, रोजगार, महंगाई और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी इन सवालों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में जिला सचिव मंडल सदस्य धनंजय शुक्ला, वरिष्ठ नेता शशि कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।