RIMS Governing Body Meeting: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स (RIMS) की गवर्निंग बॉडी की 65वीं बैठक मंगलवार (21 जुलाई) को आयोजित होगी. बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद और संस्थान के प्रशासनिक मामलों से जुड़े कुल 26 एजेंडों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे.
कैंसर मरीजों के इलाज के लिए बड़ा प्रस्ताव
बैठक का सबसे अहम मुद्दा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग को आधुनिक बनाने से जुड़ा है. इसके तहत करीब 5.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि से नई रेडियोथेरेपी मशीन खरीदने का प्रस्ताव रखा जाएगा. यदि इसे मंजूरी मिलती है, तो रिम्स में कैंसर मरीजों को अत्याधुनिक उपचार की सुविधा मिलेगी और इलाज के लिए दूसरे राज्यों में रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या कम होने की उम्मीद है.
मेडिकल सीटें बढ़ाने पर भी होगी चर्चा
गवर्निंग बॉडी केंद्र सरकार की योजना के तहत रिम्स में एमबीबीएस, पीजी और सुपर स्पेशियलिटी की सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी विचार करेगी. हाल ही में संस्थान में एमबीबीएस सीटों की संख्या 180 से बढ़ाकर 250 की गई है. अब उच्च चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को लेकर भी निर्णय लिए जा सकते हैं.
कर्मचारियों और अस्पताल की सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव
बैठक में अस्पताल के विभिन्न विभागों को मजबूत करने, नए उपकरणों की खरीद, कर्मचारियों से जुड़े प्रशासनिक मामलों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से संबंधित कई प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं. इन फैसलों का असर रिम्स की चिकित्सा व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ सकता है.
पिछली बैठक के लंबित फैसलों की होगी समीक्षा
65वीं बैठक में पिछली यानी 64वीं गवर्निंग बॉडी बैठक में लिए गए तीन अहम निर्णयों के अब तक लागू नहीं होने का मुद्दा भी उठने की संभावना है. इन लंबित प्रस्तावों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी और उनके क्रियान्वयन को लेकर आगे की रणनीति तय हो सकती है.