Meta Description
जमशेदपुर: चाईबासा बाल सुधारगृह से फरार एक बाल कैदी की मौत सोमवार सुबह एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। मृतक 17 वर्षीय सोनू पात्रो जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत संकोशाई रोड नंबर 2 का निवासी था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सोनू की मां मंजू पात्रो ने बताया कि उनका बेटा बीते चार महीने से चाईबासा बाल सुधारगृह में बंद था। 21 बाल कैदियों के साथ उसने भी मेन गेट तोड़कर वहां से भागने की कोशिश की थी। 3 अप्रैल को वह टाटानगर पहुंचा, जहां कुछ लोगों ने उसे चोर समझकर पीछा किया। इस दौरान वह कोयला लदी मालगाड़ी पार करने की कोशिश में ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
स्थानीय पुलिस ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार सुबह करीब 8 बजे उसने दम तोड़ दिया। सोनू चोरी के मामले में चाईबासा बाल सुधारगृह में भेजा गया था। उसकी मां के अनुसार, वे उलीडीह थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहती हैं और पुलिस से सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंची थीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य फरार बाल कैदियों की तलाश भी जारी है। घटना ने बाल सुधारगृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।