Jharkhand News: झारखंड के व्यापारियों के लिए मापतौल उपकरणों के सत्यापन और नवीकरण की प्रक्रिया जल्द आसान होने वाली है. फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की पहल पर राज्यभर में नियमित मापतौल सत्यापन शिविर आयोजित करने पर सहमति बनी है. इससे व्यापारियों को विभागीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी.
इस संबंध में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के विधिक माप विज्ञान प्रभाग की बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा, चैंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और लेबर-ईएसआई उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में मापतौल व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
चैंबर ने सुझाव दिया कि जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से सभी जिलों में नियमित सत्यापन शिविर लगाए जाएं. इससे व्यापारी एक ही स्थान पर अपने मापतौल उपकरणों का सत्यापन और नवीकरण करा सकेंगे.
बैठक में यह भी सामने आया कि फिलहाल पूरे झारखंड में केवल चार मापतौल निरीक्षक कार्यरत हैं. इस कारण कई जिलों में समय पर सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं. चैंबर ने प्रत्येक जिले में पर्याप्त संख्या में निरीक्षकों की नियुक्ति की मांग भी रखी.
विभाग के सचिव ने आश्वासन दिया कि हर जिले में निरीक्षकों की उपस्थिति का दिन और समय पहले से तय कर इसकी जानकारी झारखंड चैंबर को दी जाएगी. इसके बाद जिला चैंबर के माध्यम से व्यापारियों को सूचना उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें.
बैठक में मापतौल लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी सहमति बनी. साथ ही मैन्युफैक्चरर और ट्रेडर के लिए वन टाइम लाइसेंस शुल्क लागू करने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक चर्चा हुई.