West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में रेलवे क्वार्टर निर्माण स्थल पर शुक्रवार सुबह मोबाइल चोरी का मामला सामने आया. निर्माण स्थल से मोबाइल लेकर भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है.
मजदूर का मोबाइल लेकर भागा, लोगों ने दौड़ाकर दबोचा
जानकारी के अनुसार भट्टीसाई स्थित रेलवे क्वार्टर निर्माण स्थल पर कुछ मजदूर आराम कर रहे थे. इसी दौरान एक युवक ने मौके का फायदा उठाकर उनका मोबाइल उठा लिया. मोबाइल गायब होने का पता चलते ही मजदूरों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया.
आरोपी पर पहले भी चोरी के आरोप
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवक की पहचान बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के टंकीसाई निवासी 19 वर्षीय बीर नायक के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों का दावा है कि वह पहले भी मोबाइल चोरी और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल रह चुका है. क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आ चुका है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी.
पुलिस जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.