Jharkhand News: राजकीय श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए झारखंड पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है. 29 जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के देवघर और दुमका पहुंचने की संभावना को देखते हुए हाईटेक निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी.
AI कैमरों से होगी 24 घंटे निगरानी
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बाबा मंदिर परिसर, कांवरिया पथ, पार्किंग स्थल और पूरे मेला क्षेत्र में AI आधारित CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. इन कैमरों की निगरानी के लिए एक कंपोजिट कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां से पूरे मेला क्षेत्र पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी.
सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
भीड़भाड़ वाले इलाकों में जेबकतरों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा QRT, विशेष शाखा के इंफॉर्मर, स्पॉटर, NDRF और SDRF की टीमों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा.
श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी रहेगा फोकस
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस सहायता केंद्र, महिला सहायता केंद्र, चाइल्ड हेल्प डेस्क और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे. महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी.
मेडिकल और बुनियादी सुविधाओं के निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.