Chatra News: चतरा पुलिस ने हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से बरामद युवती दिव्या कुमारी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि दिव्या का बिहार के शेरघाटी निवासी राहुल यादव से प्रेम संबंध था। विवाद के बाद दिव्या ने राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जो फिलहाल न्यायालय में लंबित है। पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था।
गवाही रोकने के लिए दो लाख की सुपारी
जब दिव्या ने केस वापस लेने से इनकार कर दिया तो राहुल ने कोर्ट में गवाही रुकवाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, राहुल ने गया जिले के बांकेबाजार निवासी नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर दिव्या की गला दबाकर हत्या कराई। इसके बाद दोनों ने शव को चतरा के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया, ताकि पहचान और साक्ष्य मिटाए जा सकें।
मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी
तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी नेपाली गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कई अहम जानकारियां दी हैं। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि हत्या का मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।