ट्रेन से उतरकर भागे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, दो वांछित बदमाश गाजियाबाद से झारखंड की ओर जा रहे थे. उनकी लोकेशन संबलपुर एक्सप्रेस में मिलने के बाद पुलिस ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की. पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर नीम खेरिया गांव की तरफ भागने लगे. पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हुई.
दो जवानों को लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान एसओजी के आरक्षी डेविड चौहान के पेट और आरक्षी पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लगी. दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
फायरिंग के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए. पुलिस ने आसपास के गांवों और संभावित रास्तों पर घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया है. इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव और फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अभियान की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. इस बीच एक बदमाश के मारे जाने की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि अभियान और जांच जारी है तथा पुष्टि होने पर ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी.