किराये के मकान से चल रहा था ठगी का नेटवर्क
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि सेक्टर-12 थाना क्षेत्र की बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी में किराये के मकान से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था. प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी खुद को बैंक अधिकारी या RM Tour & Travels का एजेंट बताकर लोगों को फोन करते थे. टिकट बुकिंग, टिकट रिफंड, बैंक खाते की KYC अपडेट और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर वे बैंकिंग जानकारी और OTP हासिल कर लेते थे. इसके बाद पीड़ितों के खातों से रकम निकाल ली जाती थी.
नवादा से मिल रहे थे निर्देश, कई बैंक खाते जांच के दायरे में
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि पूरे गिरोह का संचालन बिहार के नवादा में बैठा एक मास्टरमाइंड कर रहा था. पुलिस के अनुसार वही मोबाइल फोन के जरिए आरोपियों को निर्देश देता था कि किस व्यक्ति को किस तरीके से निशाना बनाना है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जांच के दौरान एक खाते में जमा 5 लाख रुपये से अधिक की राशि फ्रीज कराई गई है, जबकि 17 अन्य बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिनमें ठगी की रकम होने का संदेह है.
नकदी, मोबाइल और बैंकिंग दस्तावेज बरामद
छापेमारी में पुलिस ने 43,100 रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 10 डेबिट कार्ड और 3 चेकबुक बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में सिंह सम्राट कुमार विनय (बोकारो), निरंजा कुमार (पटना), रवि कुमार, सुदामा कुमार, सुबोध कुमार, नीतीश कुमार (नवादा), प्रेमचंद्र कुमार, धर्मराज कुमार (पटना) और ब्रजेश कुमार (जमुई) शामिल हैं. एसपी नाथू सिंह मीणा ने लोगों से किरायेदार रखने से पहले पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है. उन्होंने चेतावनी दी कि सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इसके मुख्य संचालक तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है.