Jamshedpur News: जमशेदपुर के विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं और लंबित विकास कार्यो को लेकर स्थानीय विधायक पूर्णिमा दस साहू ने शुक्रवार को उपायुक्त (डीसी) से मुलाकात की। इस दौरान दिशा कमेटी की बैठक में उठाए गए मुद्दों की प्रगति की समीक्षा की गई और शहर के विकास से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जेएनएसी यार्ड में लंबे समय से पड़े डस्टबिन और वाहनों का मुद्दा बैठक में प्रमुखता से उठा
विधायक ने कहा कि लाखों रुपये की लागत से खरीदे गए डस्टबिन और वाहन उपयोग में नहीं आ रहे हैं। उन्होंने उपायुक्त से इन्हें जल्द यार्ड से हटाकर डस्टबिन का वितरण सुनिश्चित करने की मांग की, जिस पर प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया।
मानसून में जलजमाव की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई विधायक ने बताया कि टीचर्स कॉलोनी के नाले में ह्यूम पाइप के भीतर कचरा जमा होने से जलनिकासी बाधित हो रही है। फिलहाल डीप क्लीनिंग के जरिए राहत देने की योजना है, जबकि स्थायी समाधान के लिए आरसीडी नाले के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। इस कार्य के लिए जुस्को से सहयोग लेने की बात कही गई।
बैठक में कानून-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सहमति बनी। विधायक ने बढ़ते क्षेत्र को देखते हुए बिरसानगर थाना को दो हिस्सों में विभाजित करने की मांग रखी, ताकि पुलिस व्यवस्था मजबूत हो और नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लग सके। साथ ही क्षेत्र में नए आधार केंद्र की स्थापना पर भी चर्चा हुई, जिसे सिदगोड़ा टाउन हॉल या अन्य उपयुक्त स्थान पर शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में बताई गई।
बैठक के अंत में विधायक ने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों से साझा जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।