Dumka News : श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तहत अवर प्रादेशिक नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, दुमका की ओर से 17 जुलाई को रोजगार भर्ती कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप सुबह 10:30 बजे से सरकारी आईटीआई के पास, पाकुड़ रोड स्थित नियोजनालय कार्यालय परिसर में लगेगा।
कैंप में निजी कंपनियों के माध्यम से 150 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। प्रेजहा फाउंडेशन में असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन, सीएनसी, टाइल्स और लॉजिस्टिक्स के 150 पदों पर नियुक्ति होगी। इन पदों के लिए 10वीं पास, 18 से 32 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को भारत में 20,000 से 22,000 रुपये तथा दुबई में 30,000 से 40,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। कार्यस्थल बेंगलुरु, चेन्नई और दुबई रहेगा।
दुमका में भी विभिन्न पदों पर भर्ती, पहले कराना होगा नियोजनालय में पंजीकरण
ESAF Foundation-LIMS की ओर से फील्ड कोऑर्डिनेटर, केयरटेकर, ड्राइवर और कुक के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं या स्नातक पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 23 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 6,500 से 10,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा और उनकी नियुक्ति दुमका में होगी।
नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि भर्ती कैंप में भाग लेने के लिए झारखंड के किसी भी नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी jharniyojan.jharkhand.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकते हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा
अभ्यर्थियों को भर्ती कैंप में सभी शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, नियोजनालय पंजीकरण कार्ड, बायोडाटा तथा स्थानीय पदों के लिए आवासीय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।