Dhanbad News : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में गोविंदपुर-निरसा मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के पाइप चोरी करने की कोशिश ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हो गई। ग्रामीणों ने पाइप लदे ट्रक और उसके चालक को रंगे हाथ पकड़कर बरवाअड्डा पुलिस के हवाले कर दिया। ट्रक से करीब पांच लाख रुपये से अधिक कीमत के पाइप बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
गोविंदपुर-निरसा मेगा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत एसीपीसी कंपनी द्वारा बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बदाही जीतपुर स्थित ग्राउंड में चार इंच के पाइप रखे गए थे। बुधवार देर रात कुछ लोग ट्रक पर पाइप लोड कर उन्हें चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया ट्रक
इसी दौरान ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया और चालक को पकड़ लिया। इसके बाद एसीपीसी कंपनी के अधिकारियों और बरवाअड्डा पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर एसीपीसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विकास कुमार साव मौके पर पहुंचे। बरवाअड्डा पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। जांच के दौरान ट्रक में पांच लाख रुपये से अधिक कीमत के पाइप लदे पाए गए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के प्रयास में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इसके पीछे किसका हाथ है।