Jamshedpur: परसुडीह थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास देर रात एक कंक्रीट मिक्सर मशीन पलट जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मशीन के मुख्य सड़क पर गिर जाने के कारण सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
ढलाई का काम खत्म कर लौट रही थी मिक्सर मशीन
जानकारी के अनुसार, इलाके में एक मकान की ढलाई का काम पूरा होने के बाद ट्रैक्टर से कंक्रीट मिक्सर मशीन को वापस ले जाया जा रहा था। इसी दौरान चांदनी चौक के पास सड़क किनारे अधिक झुकाव होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और मिक्सर मशीन सड़क पर पलट गई।
मजदूरों के नहीं होने से टला बड़ा हादसा
घटना के समय राहत की बात यह रही कि मकान की ढलाई का काम पूरा हो चुका था और सभी मजदूर वहां से जा चुके थे। इस वजह से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सड़क के बीचों-बीच भारी मशीन पलटने से सुबह आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मशीन छोड़कर चले जाने का आरोप, कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद संबंधित ठेकेदार मशीन को सड़क पर ही छोड़कर चला गया। सुबह व्यस्त समय में मशीन नहीं हटाए जाने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मशीन हटाने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।