Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-15

East Singhbhum DC Meeting: उपायुक्त ने जिला समन्वय समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश, लंबित मामलों के जल्द निष्पादन पर जोर

East Singhbhum DC Meeting: जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया. इस दौरान लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों की समीक्षा
बैठक में विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, भूमि हस्तांतरण, वनाधिकार, आधारभूत संरचना और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

वनाधिकार अधिनियम के मामलों का जल्द करें निष्पादन
वनाधिकार अधिनियम (FRA) के तहत लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अनुमंडल स्तरीय समिति से मामलों का शीघ्र निष्पादन कर उन्हें जिला स्तर पर भेजा जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके.

पेयजल समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर
उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डुमरिया में जलमीनार के माध्यम से पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्राथमिक विद्यालय शिशाखून (चाकुलिया) की पेयजल समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए.

वहीं प्राथमिक विद्यालय मिठाईझरना, पोटका में पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई नहीं होने पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जमशेदपुर के कार्यपालक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया.

छात्रों के बैंक खाते और जन्म प्रमाण पत्र पर फोकस
बैठक में 15वें वित्त आयोग के टाइड फंड का उपयोग चापाकल, जलमीनार, पेयजल स्रोतों और मरम्मत कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया.

जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को एलडीएम के साथ समन्वय कर सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते जल्द खुलवाने का निर्देश दिया गया. वहीं सभी बीडीओ को पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया.

स्कूलों में बिजली और सुरक्षा व्यवस्था पर निर्देश
जिन विद्यालयों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं है, वहां संबंधित बीईईओ को शीघ्र आवेदन करने का निर्देश दिया गया. साथ ही विद्यालय परिसरों में खतरनाक पेड़ों की कटाई और जर्जर घोषित स्कूल भवनों व अन्य सरकारी भवनों को नियमानुसार ध्वस्त करने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने को कहा गया.

एमजीएम मेडिकल कॉलेज और एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा
एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहे आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों को बेहतर तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य और शैक्षणिक गतिविधियां दोनों प्रभावित न हों.

इसके अलावा एनएचएआई से जुड़े अतिक्रमण हटाने के मामलों में संबंधित अंचल अधिकारियों को कार्रवाई करने तथा लघु सिंचाई प्रमंडल को तालाबों की भूमि सत्यापन और वाटर बॉडी सेंसस का कार्य तय समय में पूरा करने का निर्देश दिया गया.



प्रवासी श्रमिकों के अनुग्रह सहायता मामलों में तेजी लाने का निर्देश
बहरागोड़ा, मुसाबनी और घाटशिला में प्रवासी श्रमिकों की मृत्यु से जुड़े अनुग्रह सहायता मामलों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ को दस्तावेजों का शीघ्र सत्यापन कर पात्र मामलों में मुआवजा स्वीकृति की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए.

बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि विभागों के बीच नियमित संवाद और समन्वय से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा और आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा. उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !