Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी राजीव रंजन के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर फर्जी प्रोफाइल बनाए जाने का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क करते हुए इस फर्जी आईडी से आने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेशों से सावधान रहने की अपील की है।
Dc Rajiv Ranjan नाम से बनाई गई फर्जी आईडी
जिला प्रशासन के अनुसार, "Dc Rajiv Ranjan" नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है। इस आईडी के माध्यम से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और विभिन्न प्रकार के संदेश भी भेजे जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त राजीव रंजन किसी भी व्यक्तिगत फेसबुक आईडी के जरिए नागरिकों को फ्रेंड रिक्वेस्ट नहीं भेजते हैं। इसके अलावा वे सोशल मीडिया के माध्यम से आर्थिक सहायता, धनराशि, बैंक संबंधी जानकारी या किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगते हैं। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को इस तरह की कोई फ्रेंड रिक्वेस्ट, कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर विश्वास न करें और अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
फर्जी प्रोफाइल को करें रिपोर्ट
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें उक्त फर्जी फेसबुक आईडी से कोई फ्रेंड रिक्वेस्ट या संदेश प्राप्त होता है, तो उसे तुरंत इग्नोर (Ignore) करें और संबंधित प्रोफाइल को रिपोर्ट (Report) करें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका हो तो इसकी सूचना तुरंत निकटतम थाना या साइबर थाना को दें।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक प्रोफाइल के झांसे में नहीं आने की अपील की गई है।