Jharkhand News: रामगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन भरोसा” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक माह तक चले विशेष अभियान में 125 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस ने पिछले छह माह में दर्ज सनहा और CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रामगढ़ के अलावा रांची, हजारीबाग, चतरा, बोकारो, पलामू, गढ़वा समेत अन्य जिलों से मोबाइल बरामद किए।
सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और नशामुक्ति का भी दिया संदेश
बरामद सभी मोबाइल न्यू टाउन हॉल, रामगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उनके असली मालिकों को लौटाए गए। इस अवसर पर एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने लोगों को सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव और CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जताया पुलिस पर भरोसा
लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने से लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास जताया। पुलिस ने कहा कि जनहित और जनता के भरोसे को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी “ऑपरेशन भरोसा” जैसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।