Ranchi News : राजधानी रांची के अपर बाजार क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ जिला प्रशासन ने मंगलवार रात बड़ी कार्रवाई की। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति की टीम ने इलाके की कई दुकानों में छापेमारी कर ई-सिगरेट, गांजा और अन्य प्रतिबंधित सामग्री जब्त की।
छह से अधिक दुकानों की जांच, नियम उल्लंघन पर वसूला गया जुर्माना
अभियान के दौरान छह से अधिक दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ दुकानों पर तंबाकू उत्पादों के साथ खाद्य सामग्री भी बेची जा रही थी, जो निर्धारित नियमों का उल्लंघन है। इस पर संबंधित दुकानदारों से एक-एक हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अपर बाजार इलाके में लंबे समय से अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
अवैध नशे के कारोबार पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके।