Ranchi News : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। विमानन कंपनी इंडिगो ने 25 अक्टूबर से रांची से पुणे, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए तीन नई नाइट फ्लाइट सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। इन उड़ानों के शुरू होने से रांची की देश के प्रमुख शहरों से हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार तीनों उड़ानें रात के समय रांची पहुंचेंगी और करीब एक घंटे के भीतर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगी। बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु फ्लाइट रात 9:30 बजे रांची पहुंचेगी और 9:55 बजे वापस रवाना होगी। नवी मुंबई-रांची-नवी मुंबई फ्लाइट रात 12:15 बजे पहुंचेगी और 1:00 बजे उड़ान भरेगी। वहीं पुणे-रांची-पुणे फ्लाइट रात 2:00 बजे आएगी और 2:55 बजे प्रस्थान करेगी।
रात में बढ़ेंगी सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था भी होगी मजबूत
इंडिगो का यह प्रस्तावित विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से 27 मार्च तक प्रभावी रहेगा। नई नाइट फ्लाइट सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और देर रात यात्रा करने वालों को भी सुविधा होगी।
रात में उड़ानों की संख्या बढ़ने को देखते हुए रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ग्राउंड हैंडलिंग जैसी तकनीकी सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा। फिलहाल एयरपोर्ट पर CAT-I लाइटिंग सिस्टम और इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) की मदद से रात में सुरक्षित उड़ान संचालन किया जा रहा है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए CAT-II लाइटिंग सिस्टम स्थापित करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।