बड़े स्तर पर बदले गए पुलिस अधिकारी
जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न थाना, ओपी, पिकेट और अन्य शाखाओं में लंबे समय से कार्यरत 175 SI और ASI को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है. सभी अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित करने को कहा गया है.
तरहसी, किशुनपुर और दंगवार को मिले नए प्रभारी
तबादला सूची में तरहसी थाना प्रभारी की नियुक्ति सबसे अहम रही. पांकी के पूर्व थाना प्रभारी राजेश रंजन को तरहसी थाना की कमान सौंपी गई है. वहीं चंद्रशेखर यादव को किशुनपुर ओपी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि बिरेंद्र मेहता को दंगवार ओपी की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा सहायक अवर निरीक्षक रुद्रानंद सरस को मेदिनीनगर यातायात प्रभारी नियुक्त किया गया है.
निलंबन के बाद खाली था तरहसी थाना का पद
तरहसी थाना प्रभारी का पद आनंद राम के निलंबन के बाद से खाली था. उन पर जब्त की गई एक जेसीबी मशीन छोड़ने के बदले कथित रूप से अवैध राशि मांगने का आरोप लगा था. मामले से जुड़ा एक ऑडियो सामने आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी. अब नए स्थानांतरण आदेश के तहत इस पद पर राजेश रंजन की नियुक्ति कर दी गई है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है.