Jamshedpur News: जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति एवं पुलिस समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मकसद स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं को समझना और अपराध नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति तैयार करना था।
लोगों ने रखीं समस्याएं, पुलिस ने मांगे सुझाव
बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना के पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं, नशे के अवैध कारोबार, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दे पुलिस के सामने रखे।
हर सूचना पर होगी कार्रवाई, निडर होकर दें जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना किसी भय के पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके।
पुलिस-जनता के सहयोग से बनेगा अपराध मुक्त समाज
बैठक के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि वरीय आरक्षी अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इस तरह की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मानगो से मिले सुझावों के आधार पर अपराधियों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस-जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है।