स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल एमिटी स्कूल, सालवान पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और गुरुग्राम के मिनी सचिवालय को भेजा गया था. सूचना मिलने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ते ने सभी परिसरों की गहन तलाशी ली. एहतियात के तौर पर स्कूलों से विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित कर उन्हें अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया.
पीएम मोदी की जींद रैली का भी किया गया जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में विस्फोट करने की धमकी भी दी गई है. इसके बाद जींद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक रैली स्थल समेत अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है. साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
विदेशी कनेक्शन की जांच, कुछ नहीं मिला संदिग्ध
प्रारंभिक जांच में ई-मेल के विदेशी स्रोत से भेजे जाने की आशंका जताई गई है. पुलिस के अनुसार, कुछ शुरुआती तकनीकी जानकारियों के आधार पर इसकी कड़ियां बांग्लादेश स्थित एक आईपी पते से जुड़ी होने की जांच की जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. समाचार लिखे जाने तक किसी भी स्कूल, सरकारी कार्यालय या अन्य स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ था. पुलिस ने बताया कि मामले की तकनीकी जांच जारी है और सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय अपनाए जा रहे हैं.