Ranchi Crime News: राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा भी तुपुदाना ओपी पहुंचे और जांच की समीक्षा की. पुलिस ने सोमवार को पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है.
सेल सिटी से अपहरण का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग लड़कियां लटमा इलाके की रहने वाली हैं. बताया जा रहा है कि वे सेल सिटी क्षेत्र में घूम रही थीं. इसी दौरान कुछ युवकों ने कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया. आरोप है कि दोनों को तुपुदाना के इंसलरी स्थित भगवान होटल ले जाया गया, जहां उनके साथ रातभर सामूहिक दुष्कर्म किया गया.
एक लड़की भागकर पहुंची पुलिस के पास
पुलिस के मुताबिक, किसी तरह एक पीड़िता आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रही. उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल उनसे तुपुदाना ओपी और धुर्वा थाना में पूछताछ की जा रही है.
होटल प्रबंधन से भी पूछताछ
घटना की जानकारी मिलने के बाद हटिया डीएसपी नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी और तुपुदाना ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे. दूसरी नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया. होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है. दोनों पीड़िताओं को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.