Jamshedpur: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा के शांतिनगर इलाके में सोमवार सुबह मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर नाले के किनारे मिले कंकाल की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह इलाके से गुजरने के दौरान नाले के किनारे मिट्टी में कुछ हड्डियां दिखाई दीं। करीब जाकर देखने पर मानव कंकाल होने की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की और कंकाल को बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि बरामद अवशेष पूरी तरह से डीकंपोज हो चुके हैं और मौके से केवल हड्डियां मिली हैं। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल किसी पुरुष का है या महिला का। यह भी पता नहीं चल सका है कि मौत कितने समय पहले हुई थी। पुलिस अब आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर कंकाल की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही बरामद अवशेषों को वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण, समय और मृतक की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।