Jharkhand Political News: राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है तथा राम मंदिर के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रही है.
आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस के नेता राम मंदिर को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं, जबकि अतीत में पार्टी ने रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान न्यायालय में भगवान श्रीराम को काल्पनिक पात्र बताया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कारसेवकों पर हुई कार्रवाई का समर्थन किया था और अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को भी उसके शीर्ष नेताओं ने स्वीकार नहीं किया.
चढ़ावा मामले की जांच का दिया हवाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले में सामने आई अनियमितताओं की उत्तर प्रदेश सरकार जांच करा रही है. उन्होंने दावा किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी. ऐसे में कांग्रेस का इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाना केवल राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है.
कांग्रेस पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था के सम्मान को प्राथमिकता नहीं दी. उन्होंने सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी कांग्रेस नेतृत्व ने तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद पर कार्यक्रम में नहीं जाने का दबाव बनाया था.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर की चिंता छोड़कर अपने राजनीतिक भविष्य और वोट बैंक की राजनीति पर ध्यान देना चाहिए. उनके अनुसार तुष्टीकरण और परिवारवाद कांग्रेस की राजनीति का मूल आधार रहा है.