Latehar News : झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महुआडांड़ स्थित लोध फॉल का सपरिवार भ्रमण करने के बाद शनिवार रात नेतरहाट पहुंचकर रात्रि विश्राम किया। रविवार सुबह उन्होंने नेतरहाट के प्रसिद्ध सनराइज का नजारा देखा और यहां की प्राकृतिक एवं नैसर्गिक सुंदरता की मुक्तकंठ से सराहना की।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के पर्यटन स्थलों के सतत विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान उन्होंने नेतरहाट के नाशपाती बागान का भी भ्रमण किया और वहां नाशपाती का पौधारोपण किया। जिला प्रशासन की ओर से उन्हें नाशपाती भेंट कर सम्मानित किया गया।
महुआडांड़ की जनसमस्याओं को लेकर मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन
भ्रमण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष बैठा, महिला थाना प्रभारी सुशीला केसरी, नेतरहाट थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि इफ्तेखार अहमद, जिला कांग्रेस आदिवासी अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसी अवसर पर जिला कांग्रेस आदिवासी अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को महुआडांड़ क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की गई।