Seraikela Breaking: सरायकेला सदर अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद रविवार सुबह परिजनों ने जमकर हंगामा किया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा.
जानकारी के अनुसार, कांदागोड़ा गांव निवासी गुरा पूर्ती अपनी पत्नी शुरू पूर्ती को शनिवार रात करीब 8 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. इसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
परिजनों का आरोप है कि भर्ती के समय महिला की हालत सामान्य थी, लेकिन रातभर उसे समय पर उचित इलाज और चिकित्सकीय देखभाल नहीं मिली. उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण प्रसूता की मौत हो गई.
मृतका के पति गुरा पूर्ती ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने समय रहते ध्यान नहीं दिया. उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के व्यवहार पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह जानकारी लेने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
वहीं, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रीमा ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि महिला अस्पताल पहुंचने के समय ही गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी. उनके शरीर में खून की मात्रा काफी कम थी और मरीज की हालत पहले से ही गंभीर थी.
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं.