Jharkhand Weather Update: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका और हजारीबाग समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) और हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
जलभराव और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार आज दक्षिणी, मध्य और पूर्वी झारखंड में मानसून का असर सबसे अधिक रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और बोकारो में दिनभर रुक-रुक कर अच्छी बारिश हो सकती है। तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका के चलते कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी संभावना है।
कुछ जिलों में उमस बरकरार, कई इलाकों में मौसम रहेगा सुहावना
बारिश के बावजूद पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में उमस बनी रह सकती है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और लोहरदगा में लगातार बादल और बारिश के कारण अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटों में रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और गुमला समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
आंधी-बारिश के दौरान सतर्क रहें, सुरक्षित स्थान पर रहें
रांची मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को मौसम के अनुसार खेती का कार्य करने और यात्रियों को घर से निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट देखने की सलाह दी गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।